Site icon Lahar Chakra

अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन के पहले भारतीय अध्यक्ष बने डॉ. श्रीनिवास मुक्कमला

SIKAGO.   भारतीय मूल के डॉ. श्रीनिवास मुक्कमला को अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन (AMA) का 180वां अध्यक्ष चुना गया है. इस पद पर पहुंचने वाले वह पहले भारतवंशी हैं. अमेरिका का 178 साल पुराना यह संगठन देश का सबसे बड़ा और प्रभावी मेडिकल संगठन माना जाता है.

डॉ. मुक्कमला को मेडिकल क्षेत्र में “बॉबी मुक्कमला” नाम से भी जाना जाता है. वह नाक, कान और गले के विशेषज्ञ डॉक्टर हैं. उनकी यह उपलब्धि और भी खास इसलिए है क्योंकि नवंबर 2023 में उन्हें ब्रेन कैंसर का पता चला था, जिसके बाद उनकी ब्रेन सर्जरी भी हुई थी.

कहा- कैंसर के बाद यहां होना सपने जैसा

शिकागो में आयोजित एक कार्यक्रम में अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. मुक्कमला ने कहा, “कुछ महीने पहले मुझे नहीं पता था कि मैं आज यहां मौजूद रहूंगा भी या नहीं. आज यहां खड़े होकर यह सम्मान पाना मेरे लिए किसी सपने से कम नहीं है.”

डॉ. मुक्कमला मरीजों के अधिकारों के प्रबल समर्थक रहे हैं. अध्यक्ष बनने के बाद उनका लक्ष्य अमेरिका की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक न्यायसंगत और बेहतर बनाना है.

परिवार भी चिकित्सा से जुड़ा
डॉ. मुक्कमला ने मिशिगन यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई की है. उनकी पत्नी डॉ. नीता कुलकर्णी भी चिकित्सक हैं. उनके दो बेटे हैं— निखिल, जो एक बायोमेडिकल इंजीनियर हैं, और देवन, जो राजनीति विज्ञान में पीएचडी कर रहे हैं.

Exit mobile version