
Rourkela. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के इस्पात शहर राउरकेला की अपनी पहली एक दिवसीय यात्रा पर रहेंगी, जहां वह एक तारामंडल और एक जनजातीय संग्रहालय का उद्घाटन करेंगी। एक आधिकारिक बयान से यह जानकारी प्राप्त हुई।
राष्ट्रपति एक सार्वजनिक समारोह में आदिवासी नेता निर्मल मुंडा के नाम पर बने परिवेश पथ का भी उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह लगभग 10:25 बजे झारसुगुड़ा स्थित वीर सुरेंद्र साई (वीएसएस) हवाई अड्डे पर पहुंचेंगी और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा राउरकेला के लिए रवाना होंगी।
एक अधिकारी ने बताया कि राउरकेला और झारसुगुडा दोनों जगहों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है, साथ ही सेक्टर 13 में राष्ट्रपति की जनसभा के मद्देनजर वहां और उनके काफिले के मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर झारसुगुड़ा प्रशासन ने पूरे जिले में ‘नो-फ्लाई ज़ोन’ और ‘नो-ड्रोन ज़ोन’ लागू कर दिया है।
केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री और सुंदरगढ़ से सांसद जुएल ओराम ने कहा कि इस्पात नगरी में राष्ट्रपति का पहला दौरा क्षेत्र के विकास को महत्वपूर्ण गति प्रदान करेगा।
