
Kolkata.कच्चे खाद्य तेलों पर आयात शुल्क में 10 प्रतिशत की कटौती करने के केंद्र सरकार के फैसले के बाद अगले दो सप्ताह में खुदरा स्तर पर भी खाद्य तेलों की कीमतों में 5-6 प्रतिशत की गिरावट आने की उम्मीद की जा रही है अधिकारियों ने सोमवार को यह बात कही. इमामी एग्रोटेक के निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुधाकर राव देसाई ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘खाद्य तेल की कीमतें जो हाल के महीनों में लगभग 17 प्रतिशत तक बढ़ गई थीं, अब धीरे-धीरे कम होने लगी हैं. हमें उम्मीद है कि यह बहुत जल्द ही एकल अंक में आ जाएगी.
पूर्वी भारत में अग्रणी ब्रांडेड खाद्य तेल निर्माता के कार्यकारी ने कहा कि हालांकि इसका लाभ लगभग एक पखवाड़े में खुदरा कीमतों में दिखने की उम्मीद है, लेकिन थोक बाजारों में कीमतों में नरमी के शुरुआती संकेत पहले ही दिखने लगे हैं. मूल्य सुधार केवल आयातित तेलों तक ही सीमित नहीं होगा. देसाई ने कहा, यहां तक कि सरसों तेल, जो आयात पर निर्भर नहीं है, खाद्य तेल बाजार में समग्र गिरावट के दबाव के कारण 3-4 प्रतिशत की कमी देख सकता है.
