Jamshedpur. दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में हाथियों के एक झुंड के रेल पटरियों के करीब आ जाने से करीब 12 ट्रेन की आवाजाही प्रभावित हुई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। रेलवे ने रविवार को सोशल मीडिया पर बताया कि पटरियों के पास हाथियों के आने की सूचना मिलने के बाद चक्रधरपुर मंडल के हाथियों के आवागमन वाले क्षेत्र में शनिवार की रात 10 बजकर 45 मिनट से रविवार की सुबह सात बजे तक ट्रेनों की गति 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित कर दी गई और उनकी आवाजाही नियंत्रित की गई।

रेलवे ने बताया कि इस दौरान लंबी दूरी की नौ एक्सप्रेस ट्रेन प्रभावित हुईं। इनमें 18404 धनबाद-भुवनेश्वर एक्सप्रेस, 18110 एनआईटीआर-टाटा एक्सप्रेस, 22805 भुवनेश्वर-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस और 18030 शालीमार-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा, शनिवार देर रात 12 बजकर 40 मिनट से रविवार सुबह सात बजे के बीच मंडल के बांगुरकेला-नौगांव खंड में दो और ट्रेन प्रभावित हुईं। इस दौरान पटरियों के पास हाथियों के एक झुंड की आवाजाही की सूचना मिली थी। प्रभावित ट्रेनों में 13352 अलाप्पुझा-धनबाद एक्सप्रेस और 18403 भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस शामिल थीं।


