Site icon Lahar Chakra

Ghatsila By Election: घाटशिला में 2,55,823 मतदाता चुनेंगे अपना विधायक, 13 से नामांकन प्रक्रिया शुरू, जानें क्या है जिला प्रशासन की तैयारी?

Jamshedpur. भारत निर्वाचन आयोग ने घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की घोषणा कर दी है. 13 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होते ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 21 अक्टूबर तक चलेगी. 22 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी और 24 अक्टूबर तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे. 11 नवंबर को घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में मतदान होगा. वहीं 14 नवंबर को इसके परिणाम घोषित किए जाएंगे. घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है. यहां 11 नवंबर को मतदान होगा जिसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित कोआपरेटिव कालेज को स्टॉन्ग रूम बनाया गया है. सभी ईवीएम यहीं रखे जाएंगा और 14 नवंबर को मतगणना भी कालेज में होगी.निर्वाचन कार्य के लिए कुल 15 कोषांग बनाये गए हैं.

चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर ये है योजना
चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समुचित सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी. क्रिटिकल बूथों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. साथ ही चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने से रोकथाम के लिए नकद, शराब, उपहार, ड्रग्स के अवैध परिवहन एवं असामाजिक तत्वों की निगरानी के लिए 16 चेकनाका बनाए जाएंगे. जिसमें इंटर स्टेट 10, इंटर डिस्ट्रिक्ट 5 तथा शहरी क्षेत्र में 1 चेकनाका शामिल हैं. फरार अभियुक्तों के धरपकड़ के लिए अभियान चलाते हुए निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी. लाइसेंसी आर्म्स का सत्यापन कराते हुए जमा लिया जाएगा. साथ ही किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों के रोकथाम के लिए भी सघन अभियान चलाया जाएगा. घाटशिला उपचुनाव में फोर्स के अलावा ड्रोन से भी मॉनिटरिंग की जाएगी.

घाटशिला में 300 बूथों पर 2,55,823 मतदाता करेंगे वोट
घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में 300 बूथों पर 2,55,823 मतदाता वोट करेंगे. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के अनुसार, नामांकन शुरू होने से 10 दिन पहले तक मतदाता बन सकते हैं. इस चुनाव में 218 लोकेशन में 300 बूथ बनाए गए हैं. मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद प्रबंध किए गए हैं, जिसमें सभी बूथों पर अंदर बाहर कैमरा लगाए जायेंगे और केन्द्रीय बलों की तैनाती की जायेगी.

Exit mobile version