


Ghatsila. झारखंड भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से मुसाबानी में व्यापारियों के लेकर दिए गए बयान पर आपत्ति जताई है. उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वे राज्य के व्यापारियों से माफी मांगे. भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने मंगलवार को रांची में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व्यापारियों से माफी मांगे. मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुसाबनी की सभा में व्यापारियों के खिलाफ जो आपत्तिजनक बयान दिया, वह अत्यंत निंदनीय और अपमानजनक है.
साहू ने कहा कि हेमंत सोरेन जी को किसने यह अधिकार दिया है कि वे झारखंड के मेहनती, ईमानदार और समाजसेवी व्यापारियों को बार-बार गालियां दें और उनका अपमान करें. मुख्यमंत्री का यह बयान पूरे व्यापारी समाज का अपमान है। यह सत्ता के अहंकार से भरा हुआ वक्तव्य है.
उन्होंने कहा कि झारखंड के व्यापारी वर्ग ने हमेशा समाज की सेवा की है. चाहे कोरोना काल की कठिन परिस्थितियां रही हों या रोजमर्रा की आर्थिक चुनौतियां. जब राज्य सरकार सोई हुई थी, तब व्यापारी गरीबों को राशन, दवा, मास्क और छाता तक उपलब्ध करा रहे थे. ऐसे सेवा भावी वर्ग के प्रति इस तरह की भाषा का प्रयोग बेहद शर्मनाक है.
आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सोरेन जी को व्यापारी समाज से तुरंत माफी मांगनी चाहिए. यदि मुख्यमंत्री की ओर से माफी नहीं मांगी गई, तो झारखंड के व्यापारी वर्ग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
साहू ने आरोप लगाया कि वर्तमान की झारखंड सरकार में बालू, कोयला, लोहा और जमीन की लूट मची हुई है. 500 का बालू 5000 में बिक रहा है, माफियाओं के संरक्षण में यह सब हो रहा है. हेमंत सोरेन जी के संरक्षण में बालू-कोयला और जमीन की चोरी का कारोबार फल-फूल रहा है. आदिवासी-मूलवासी की जमीनें प्रशासन और पुलिस की मदद से लूटी जा रही हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा पर यह आरोप लगाना कि पार्टी व्यापारियों की है, हास्यास्पद है. क्योंकि व्यापारी समाज वही वर्ग है, जो रोजगार सृजन से लेकर गरीबों की मदद तक हर स्तर पर समाज को आगे बढ़ाता है.



