
Ghatsila . घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार की अवधि नौ नवंबर की शाम पांच बजे समाप्त हो गयी. 11 नवंबर की सुबह सात बजे से इस सीट पर वोट डाले जायेंगे. तब तक प्रत्याशी डोर टू डोर जनसंपर्क कर सकेंगे. हालांकि, उनको किसी तरह की बैठक, सभा या रैली करने की अनुमति नहीं है. मंगलवार को घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में 2,55,823 मतदाता (1,24,899 पुरुष और 1,30,921 महिला) कुल 300 मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे. उपचुनाव के दौरान चुनाव आयोग सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी के माध्यम से वेबकास्टिंग करेगा. विधानसभा क्षेत्र व सीमाओं पर बनाये गये चेकपोस्ट पर वेबकास्टिंग के माध्यम से निगरानी रखी जायेगी. 14 नवंबर को मतगणना के बाद विजेता घोषित किया जायेगा.
इधर, जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. दोनों अधिकारियों ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में शत-प्रतिशत मतदान की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान का अवसर सुनिश्चित कराना है. निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सभी बूथों की वेबकास्टिंग के जरिए रियल-टाइम निगरानी की जाएगी.
मतदान कार्य में 1200 से अधिक कर्मियों की तैनाती
मतदान कार्य में 1200 से अधिक कर्मियों की तैनाती की गई है। ये सभी दल 10 नवंबर को को-ऑपरेटिव कॉलेज, जमशेदपुर स्थित डिस्पैच सेंटर से अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे. क्षेत्र के 186 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जिन पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इसके लिए 30 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए जा रहे हैं, जो मतदान प्रक्रिया की करीबी निगरानी करेंगे.
चुुनाव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने बताया कि मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 10 कंपनियां तैनात की जा रही हैं. किसी भी बाहरी गड़बड़ी को रोकने के लिए अंतरराज्यीय और अंतर-जिला सीमाएं 72 घंटे पहले से सील कर दी गई हैं.
