Ghatsila. पूर्वी सिंहभूम के सटे बंगाल की सीमा में रविवार सुबह करंट लगने से एक मादा हाथी और उसके दो शिशुओं की मौत हो गई। यह हादसा पश्चिम मेदिनीपुर के हाड़तोड़ा मैदान की है। रविवार की सुबह 11000 वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आने से हाथियों की दर्दनाक मौत हुई। सुबह खेत में स्थानीय ग्रामीणों ने हाथियों को मृत अवस्था में देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। वन विभाग ने तीनों हाथियों का मौके पर ही पोस्टमार्टम कराया।

इसके बाद शवों को दफना दिया गया। बताया जा रहा है कि बिजली का तार जमीन से काफी कम ऊंचाई पर झुल रहा था। देर रात दो शिशु हाथी के साथ मादा हाथी मौके से गुजर रहे थे। इसी दौरान पहले मादा हाथी करंट की चपेट में आई और फिर दोनों शिशु भी करंट की चपेट में आ गए। वन विभाग पूरे मामले की जांच कर रही है।

पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसवां में कई जंगली हाथियों की करंट से मौत हुई है। इसमें सबसे दर्दनाक हादसा पूर्वीं सिंहभूम जिले के मुसाबनी में हुआ था। यहां एक साथ पांच हाथियों की करंट लगने से मौत हुई थी। इसके अलावा चाकुलिया, धालभूमगढ़, सरायकेला के चांडिल में भी कई जंगली हाथियों की करंट से मौत हो चुकी है।

