
Ghatsila. गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत बालिजुड़ी पंचायत के बेनागड़िया गांव के टोला मारेडी में शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे जंगली हाथी के हमले से एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाद में इलाज के क्रम में मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार 72 वर्षीय चांपा हेम्ब्रम, जो स्वर्गीय चांद हेम्ब्रम की पत्नी हैं, पर एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें पैरों से कुचल दिया, जिससे उनकी कमर और पैर बुरी तरह टूट गयी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत मदद करते हुए उन्हें निजी वाहन से इलाज के लिए बहारागोड़ा अस्पताल पहुंचाया. यहां से बरिपदा रेफर किया गया, जहां इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया कारिया हेम्ब्रम, साकिला हेम्ब्रम, गुरुचरण मांडी, गहिराम टुडू, सुकलाल हेम्ब्रम, मंगल सोरेन, राजगोपाल हेम्ब्रम सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों का हाल जाना।
ग्रामीणों में घटना के बाद दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जंगली हाथियों की गतिविधियों पर नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है
