
हाजीपुर: श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने गया और मधुपुर के बीच प्रतिदिन श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (03654/03653) चलाने की घोषणा की है। यह विशेष ट्रेन मानपुर, पैमार, वजीरगंज, तिलैया, नवादा, शेखपुरा, लक्खीसराय, किउल, जमुई, झाझा और जसीडीह होते हुए मधुपुर तक जाएगी। यह सेवा 2 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक निर्धारित तिथियों में प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी।
2 अगस्त से शुरू होगी गया-मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 03654 गया-मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 2 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा। यह ट्रेन गया से शाम 5:00 बजे रवाना होगी और मानपुर (5:18 बजे), पैमार (5:28 बजे), वजीरगंज (5:50 बजे), तिलैया (6:20 बजे), नवादा (6:43 बजे), वारिसलीगंज (7:06 बजे), शेखपुरा (7:48 बजे), लक्खीसराय (8:41 बजे), किउल (9:00 बजे), मननपुर (9:42 बजे), जमुई (10:20 बजे), झाझा (रात 12:15 बजे) और जसीडीह (1:10 बजे) रुकते हुए रात 2:20 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
वापसी में 3 अगस्त से चलेगी मधुपुर-गया स्पेशल
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 03653 मधुपुर-गया श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 3 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा। यह ट्रेन मधुपुर से रात 2:50 बजे खुलेगी और जसीडीह (3:35 बजे), झाझा (4:55 बजे), जमुई (5:28 बजे), किउल (6:55 बजे), शेखपुरा (8:00 बजे), वारिसलीगंज (8:42 बजे), नवादा (9:06 बजे), तिलैया (9:30 बजे), वजीरगंज (10:00 बजे), पैमार (10:22 बजे) और मानपुर (10:32 बजे) रुकते हुए दोपहर 12:00 बजे गया पहुंचेगी।
बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
श्रावणी मेला के दौरान बिहार और झारखंड के हजारों श्रद्धालु जसीडीह और मधुपुर के रास्ते बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से गया, नवादा, शेखपुरा, लक्खीसराय, किउल, जमुई और झाझा क्षेत्र के यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी तथा भीड़भाड़ के दौरान नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा।
