Site icon Lahar Chakra

स्वास्थ्य विभाग की मेडिसीन सप्लायर महिला कारोबारी से 85 लाख की ठगी

रांची.  कोतवाली थाना में अलबर्ट एक्का चौक के पास रहने वाली महिला कारोबारी स्मिता जालान ने 85 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाते हुए तीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. जिसके अनुसार अक्टूबर 2023 में विजय ढेरे और अवधेश कुमार उनके ऑफिस आए थे. खुद को पीएसआई इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का प्रतिनिधि बताया. दोनों ने कहा कि उनकी कंपनी झारखंड और बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग से दवाओं की खरीद के लिए अधिकृत है. उन्होंने स्मिता की कंपनी से दवाओं की आपूर्ति में मदद मांगी. इसके लिए 85 लाख रुपए एडवांस देने को कहा.

बताया कि माल अरिहंत ड्रग हाउस, वाराणसी से पीएसआई इंडिया के लिए भेजा जाएगा. अक्टूबर 2023 को 84,99,547 रुपए का माल भेजा गया. कई महीनों तक माल नहीं बिका. स्मिता ने पीएसआई और अरिहंत ड्रग हाउस से सरकारी आदेश की मांग की. जवाब मिला कि जल्द ऑर्डर आ जाएगा, लेकिन कोई ऑर्डर था ही नहीं. दोनों लगातार झूठ बोलते रहे.

20 अप्रैल 2024 को स्मिता ने सारा माल विजय और अवधेश के कहने पर वापस अरिहंत ड्रग हाउस, वाराणसी भेज दिया. कहा गया था कि 60 दिन में पैसा लौटा देंगे. लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी पैसा नहीं मिला. स्मिता का आरोप है कि दोनों ने झूठ बोलकर पैसा लिया और अब गबन कर भागना चाहते हैं. जिस खाते में पैसा लिया गया था, वह भी बंद हो गया है.

Exit mobile version