Site icon Lahar Chakra

स्वास्थ्य मंत्री ने रिनपास का दौरा कर शताब्दी समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

Ranchi : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को कांके स्थित रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइकेट्री एंड एलाइड साइंसेज (रिनपास) का दौरा किया और यहां आयोजित होने वाले शताब्दी समारोह की तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को समारोह की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए.

डॉ. अंसारी ने बताया कि आगामी 4 सितंबर को आयोजित होने वाला यह समारोह रिनपास के 100 गौरवशाली वर्षों का प्रतीक होगा. उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि तैयारियां समय पर और पूरी सतर्कता के साथ पूरी की जाएं. मंत्री ने विशेष रूप से मीडिया प्रबंधन, आमंत्रित अतिथियों का स्वागत, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर देने को कहा.

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि समारोह के दौरान अनुशासन और गरिमा बनाए रखें ताकि यह ऐतिहासिक आयोजन यादगार बन सके. स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि हर अधिकारी और कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और तत्परता से निभानी होगी.

डॉ. अंसारी ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इस शताब्दी समारोह में शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल रिनपास के 100 साल पूरे होने का जश्न नहीं है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के नए अध्याय की शुरुआत भी होगा. यह अवसर पूरे झारखंड के लिए गर्व और मानसिक रोगियों के लिए नई उम्मीद लेकर आएगा.

Exit mobile version