
Jamshedpur. झारखंड में कैबिनेट बंटवारे का पुराना फॉर्मूला ही चलेगा. इसमें झामुमो के हिस्से छह, कांग्रेस के हिस्से में चार और राजद के हिस्से में एक मंत्री पद जा सकता है. हेमंत सोरेन के पिछले मंत्रिमंडल में कोल्हान से तीन मंत्रियों को शामिल होने का मौका मिला था. 2024 के चुनाव में भी कोल्हान को हेमंत मंत्रिमंडल में मजबूत हिस्सेदार मिलने की संभावना है. हालांकि, मंत्री बनाने का फैसला सीएम हेमंत सोरेन ही लेंगे. घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन और चाईबासा के विधायक दीपक बिरुवा का मंत्री बनना तय है. इस बार जमशेदपुर से किसी भी विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल होने का मौका नहीं मिलेगा. क्योंकि जमशेदपुर पूर्वी एवं पश्चिम विधानसभा की दोनों सीटें एनडीए फोल्डर में आ गयी हैं. ऐसे में लंबे वक्त के बाद जमशेदपुर की भागीदारी सरकार में नहीं होगी.
पश्चिम के विधायक बन्ना गुप्ता की हार के कारण मंत्रिमंडल से जमशेदपुर का दबदबा खत्म हो गया है. झारखंड गठन से अब तक जमशेदपुर में मुख्यमंत्री के रूप में अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मंत्री के रूप में एमपी सिंह, डॉ दिनेश षाड़ंगी, दुलाल भुइयां, सरयू राय, रामचंद्र सहिस सरीखे जनप्रतिनिधियों का दबदबा हमेशा रहा है. लेकिन इस बार जमशेदपुर के हाथ खाली रहेंगे. ने जीत ली है. पूर्वी जमशेदपुर से भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा साहू और पश्चिमी जमशेदपुर से जदयू प्रत्याशी सरयू राय विधायक बने हैं.
कांग्रेस में मंत्री पद को लेकर लॉबिंग
कांग्रेस में मंत्री पद पाने को लेकर लॉबिंग हो रही है. इधर, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने विधायक दल की बैठक में कहा कि आप सभी बधाई के पात्र हैं. उन्होंने कहा कि आप में से तीन-चार लोग ही मंत्री बनेंगे. लेकिन सभी को टीम वर्क में काम करना होगा. सबको मिलजुलकर संगठन को मजबूत करना है. जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना है. उन्होंने विधायकों से कहा कि 2019 पार्ट वन था, अब पार्ट टू है. पहले जो कमियां रह गयी हैं, उसे दूर करना है. जनता की उम्मीदों को पूरा करना है. जिस क्षेत्र में जो नहीं कर पाये, उसे पूरा करना है.
राजद से सुरेश पासवान बन सकते हैं मंत्री
राजद विधायक दल की बैठक रविवार को हुई. इसमें राजद विधायकों की ओर से देवघर से निर्वाचित विधायक सुरेश पासवान को दल का नेता चुना गया. श्री पासवान के मंत्री बनने की संभावना बढ़ गयी है. वर्तमान विधानसभा में राजद के चार विधायक चुनाव जीत कर आये हैं. बैठक में विधायक सुरेश पासवान, गोड्डा विधायक संजय प्रसाद यादव, हुसैनाबाद विधायक संजय सिंह यादव और विश्रामपुर विधायक नरेश सिंह शामिल हुए. विधायकों ने सर्वसम्मति से अपना नेता चुना.
