
Ranchi. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को नये साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सरकार साल 2050 तक झारखंड को एक समृद्ध, न्यायपूर्ण राज्य बनाने और सतत प्रगति की राह पर ले जाने के संकल्प के साथ काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए ऐसी नीतियों और योजनाओं पर जोर दे रही है, जिनके केंद्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और स्थानीय समुदायों के अधिकार व सम्मान हों. उन्होंने कहा, नया साल हमारे वीर पूर्वजों के ‘सोना झारखंड’ के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘झारखंड ने बीते वर्षों में संघर्ष, संकल्प और संभावनाओं की एक लंबी यात्रा तय की है। इस यात्रा में राज्य के नागरिकों, विशेषकर आदिवासी, मूलवासी, किसान, श्रमिक, महिलाओं और युवा वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है. हमने सामाजिक न्याय, जनकल्याण और समावेशी विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए. अब युवा झारखंड का लक्ष्य और अधिक स्पष्ट है – 2050 तक एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और सतत झारखंड का निर्माण.
उन्होंने कहा, ‘इस संकल्प के साथ अबुआ (हमारी) सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरी-रोजगार-स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा स्थानीय समुदायों के अधिकार और सम्मान को केंद्र में रखकर नीतियों और कार्यक्रम को आगे बढ़ाएगी. झारखंड रूपी विशाल वृक्ष की जड़ों को मजबूत करना ही हमारी प्राथमिकता रही है. विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारी प्रतिबद्धता भी है. उन्होंने कहा, यह युवा झारखंड आने वाले 25 वर्षों के लिए एक साझा दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़े और 2050 तक झारखंड, देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो, यही मेरा लक्ष्य है.
नव वर्ष 2026 आप सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए, यही कामना करता हूं. सोरेन ने इस दौरान अपने पिता शिबू सोरेन और पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के योगदान को भी याद किया. शिबू सोरेन का 2025 में निधन हो गया था.
