


Sahibgunj. साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में अंधेरे में प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी बगल के गांव में बच्चा चोर के अफवाह में पिट गया और करीब 500 से अधिक ग्रामीणों ने उसे घेर लिया. पुलिस के पहुंचने के बाद प्रेमी की सांस में सांस आयी. जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात करीब 8 बजे पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के जबरडाहा गांव का एक युवक अपने दो दोस्तों के साथ प्रेमिका से मिलने वहां पहुंचा था. अपने दोनों दोस्तों को निगरानी का जिम्मा देकर वह प्रेमिका के पास गया. मुलाकात का सिलसिला शुरू हुए कुछ देर ही हुआ था कि गांव के कुछ युवक उस ओर आने लगे. जिसे देखकर उसके दोनों दोस्तों ने आगाह किया और भाग गये. प्रेमिका ने भयवश घर का रास्ता पकड़ लिया और प्रेमी वहीं कहीं झाड़ी में छिप गया.
झाड़ी में हलचल होते देखकर गांव के उन लोगों को संदेह हुआ और वे उस ओर गये. वहीं छिप कर बैठा प्रेमी पकड़े जाने के भय से भागने लगा, जिसे चोर समझकर वे लोग पीछा करने लगे और हल्ला मचाने लगे. बच्चा चोर एवं किडनी चोर की अफवाह पूरे गांव में फैल गयी. लोग लाठी, डंडे, हरवे-हथियार के साथ उसे ढूंढने लगे. इस दौरान पांच टोले के करीब 500 से अधिक ग्रामीण उक्त युवक की खोजबीन के लिए इकट्ठे हो गये. अंतत: पुआल के ढेर से उसे पकड़ कर बंधक बना कर जमकर पिटायी कर दी और ग्राम प्रधान के हवाले कर दिया. इस बीच मामले की सूचना रांगा थाना पुलिस को दे दी गयी.
उग्र हुई भीड़ को समझाने में पुलिस के भी छूटे पसीने
मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रांगा थाना पुलिस ने जैसे ही युवक को वहां से थाने ले जाने का प्रयास किया, ग्रामीण उग्र हो गये और युवक को पकड़ कर गांव में ही पंचायती करने की मांग करने लगे. उग्र भीड़ को समझाने-बुझाने एवं मनाने में पुलिस के भी पसीने छूट गये.



