


Jamshedpur. बहरागोड़ा थाना क्षेत्र से रात के अंधेरे में अवैध बालू का परिवहन हो रहा है. बालू की अवैध परिवहन ओडिशा के जामसोला से किया जा रहा है. यहां का बालू जमशेदपुर और पश्चिम बंगाल भेजा जा रहा है. इस अवैध धंधे में बहरागोड़ा और ओडिशा के बालू माफिया शामिल हैं, जो मोटी रकम वसूलते हैं. इस अवैध गतिविधि से सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है. इसका खुलासा बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में चलाये गये छापेमारी अभियान के दौरान हुआ. इस दौरान बालू लदे दो हाइवा जब्त किये गये.
पूछताछ में चालकों ने बालू से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया. जांच में जब्त हाइवा बिना पंजीयन का पाया गया. पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है. इस संबंध में जिला खनन पदाधिकारी को भी कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया गया है. थाना प्रभारी कुशवाहा ने कहा कि अवैध बालू कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मालूम हो कि बालू माफियाओं ने स्थानीय प्रशासन को खुली चुनौती दे रखी है. हर रोज दर्जनों हाइवा पर बालू लादकर प्राशासन की आंखों में धूल झोंक कर जमशेदपुर व पश्चिम बंगाल परिवहन किया जाता है. स्थानीय प्रशासन लगातार इसके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई भी कर रही है फिर भी माफिया का रुतबा कम नहीं हुआ है.



