Site icon Lahar Chakra

Iran-Israil War: भारतीय छात्रों को सुरक्षा कारणों से तेहरान से निकाला गया, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच यह फैसला

New Delhi. विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि इजराइल और ईरान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच तेहरान में मौजूद भारतीय छात्रों को सुरक्षा कारणों से बाहर निकाल लिया गया है और इसकी पूरी व्यवस्था दूतावास ने की. विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय दूतावास सभी संभव सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से समुदाय के साथ निरंतर संपर्क में है.

बयान में कहा गया है, तेहरान में भारतीय छात्रों को सुरक्षा कारणों से बाहर निकाल लिया गया है. इसकी व्यवस्था दूतावास ने की. इसमें कहा गया कि परिवहन के हिसाब से जो लोग स्वयं इंतजाम कर सकते हैं उन्हें भी हालात को देखते हुए शहर से बाहर चले जाने की सलाह दी गई है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा, कुछ भारतीयों को आर्मेनिया की सीमा के माध्यम से ईरान छोड़ने में मदद की गई है.
मंत्रालय ने कहा कि अस्थिर स्थिति को देखते हुए आगे भी परामर्श जारी किए जा सकते हैं. तेहरान में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, सभी भारतीय नागरिक जो तेहरान में हैं और दूतावास के संपर्क में नहीं हैं, उनसे अनुरोध है कि वे तुरंत तेहरान में भारतीय दूतावास से संपर्क करें और अपना स्थान तथा संपर्क नंबर प्रदान करें.कृपया इन नंबर पर संपर्क करें: +989010144557; +989128109115; +989128109109’’.

भारतीय मिशन ने सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों (पीआईओ) को यह सलाह भी दी है कि जो अपने स्वयं के संसाधनों से तेहरान से बाहर जा सकते हैं, वे शहर के बाहर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं.यह पोस्ट ऐसे समय में आया है जब इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष तेज हो गया है तथा उन्होंने पांचवें दिन भी एक दूसरे पर हमले किए हैं.

Exit mobile version