


Kolhan: कोल्हान मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सह पूर्व विधायक अरविंद सिंह के नेतृत्व में मजदूरों के हक, अधिकार, सम्मान और रोजगार की सुरक्षा की आवाज को सामूहिक रुप से बुलंद करने के उद्देश्य से आदित्यपुर खरकाई पुल से टायो गेट तक इस ऐतिहासिक मजदूर मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया.
इस दौरान गम्हरिया के घोड़ा बाबा मंदिर परिसर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अरविंद सिंह ने कहा कि यह आयोजन किसी उद्योग या प्रबंधन के विरोध में नहीं, बल्कि उन लाखों श्रमिकों की आवाज है जिनके पसीने से उद्योग फलते-फूलते हैं. हमारा स्पष्ट संकल्प है—”उद्योग मजबूत हों, मजदूर सुरक्षित हों और श्रम का सम्मान हो.” इस मौके पर उन्होंने मजदूरों को शोषणमुक्त करने की आवाज बुलंद करते हुए हर हाल में उनके हित में आगे भी संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया.ताकि मजदूरों को वास्तव में उनका वह वाजिब हक और अधिकार दिलाया जा सके, जिससे वे अब तक वंचित हैं.

