


Ranchi.झारखंड में 11 फरवरी से शुरू हुई जैक बोर्ड की 10वीं की परीक्षा के दौरान हिंदी और विज्ञान सैद्धांतिक का पेपर लीक हो गया है. जैक बोर्ड की जांच में इसको सही पाया गया है, जिसके बाद पूरे राज्य में परीक्षा रद्द कर दी गयी है. बताया जा रहा है कि पेपर 2 दिन पहले ही लीक हो गया था. आज परीक्षा के बाद जब वास्तविक प्रश्न पत्र से मिलान करने पर लिखा हुआ प्रश्नपत्र हूबहू पाया गया, जिसके बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया.
बता दें कि 20 फरवरी यानी आज साइंस का पेपर परीक्षा से पहले ही वायरल हो गया था. जैक की जांच में इसको सही पाया गया है. जैक के अध्यक्ष नटवा हांसदा ने मीडिया से बात करते हुए बताया है कि आज सुबह 9.45 में जब प्रश्न पत्र खुला तो वायरल प्रश्न पत्र से मिलान किया गया. मिलान में मामला सही पाया गया है. उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव अलका तिवारी ने इस बाबत एक हाई लेवल बैठक भी की है.
अब क्या होगा आगे?
हिंदी की परीक्षा 18 फरवरी को ली गयी थी, जबकि विज्ञान की परीक्षा आज आयोजित हुई थी. अब परीक्षा रद्द होने के बाद आगे की कार्रवाई क्या होगी, यह देखना दिलचस्प होगा.
यूट्यूबर पर होगी कार्रवाई
झारखंड जेएसी की 10वीं की साइंस परीक्षा का प्रश्न-पत्र लीक होने को लेकर जेएसी सचिव ने इस बात की पुष्टि की थी कि वायरल हुए प्रश्न-पत्र के कई सवाल हू ब हू मिल रहे थे. इसे गंभीरता से लेते हुआ जेएसी अध्यक्ष ने बैठक बुलाई थी. ऐसे एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि जेएसी ने 10वीं साइंस और हिंदी की परीक्षा को रद्द कर दिया है. इस पेपर लीक मामले में कोडरमा जिले के एक यूट्यूबर प्रिंस कुमार का नाम सामने आ रहा है. उसपर कार्रवाई होगी. उसने मैट्रिक का प्रश्नपत्र अपने व्हाट्सएप से वायरल किया था. इसे लेकर जेएसी ने कोडरमा के डीसी को पत्र लिखा है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए 24 घंटे के अंदर जांच करके कार्रवाई की जाए.



