Jadugoda. जादूगोड़ा स्थित यूसील अस्पताल की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के दौरान अस्पताल की ओर से एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराए जाने का मामला सामने आया है। इसके बाद जादूगोड़ा पुलिस की मौजूदगी में शव को टेंपो से पोस्टमार्टम के लिए ले जाना पड़ा। घटना को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में अस्पताल प्रबंधन के प्रति नाराजगी है।परिजनों के अनुसार, शव पिछले दो दिनों से यूसील अस्पताल के शीतगृह में रखा था। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने के दौरान एंबुलेंस नहीं मिलने पर टेंपो की व्यवस्था करनी पड़ी।
परिजनों का कहना है कि यूसील जैसी बड़ी औद्योगिक संस्था के अस्पताल में आपात स्थिति में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होना गंभीर सवाल खड़ा करता है।मामले में यूसील जादूगोड़ा अस्पताल के सीएमओ डॉ. एसडीएन शर्मा ने बताया कि एंबुलेंस की कमी के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई होगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के लिए एंबुलेंस भेजने पर वह पूरे दिन अस्पताल से बाहर रहती है, जिससे नियमित सेवाएं प्रभावित होती हैं।
