Jamshedpur. मानगो थाना क्षेत्र में लोन दिलाने के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। मानगो डिमना रोड स्थित शिव शंकर बर्तन भंडार के मालिक राजेंद्र कुमार शर्मा के बैंक खाते से दो शातिर युवकों ने कथित तौर पर ₹1.99 लाख की अवैध निकासी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, दो युवक राजेंद्र कुमार शर्मा के पास पहुंचे और खुद को प्रतिष्ठित वित्तीय संस्थान ‘श्रीराम फाइनेंस’ का अधिकृत अधिकारी बताया। आरोपियों ने उन्हें आसानी से लोन दिलाने का झांसा दिया और उनका भरोसा जीत लिया। इसके बाद आरोपियों ने लोन की प्रक्रिया के नाम पर राजेंद्र कुमार शर्मा से ₹199 का हस्ताक्षरित चेक मांगा। पीड़ित ने बिना किसी संदेह के ₹199 का चेक काटकर उन्हें सौंप दिया। आरोप है कि चेक मिलने के बाद दोनों युवकों ने उसमें चालाकी से बदलाव कर ₹199 की राशि को ₹1,99,000 कर दिया। इसके बाद बैंक खाते से ₹1.99 लाख की निकासी कर ली गई।

मोबाइल पर मैसेज आने के बाद खुला मामला
बैंक खाते से बड़ी रकम कटने का संदेश मोबाइल पर आते ही राजेंद्र कुमार शर्मा को ठगी का पता चला। इसके बाद वह बैंक पहुंचे और खाते का स्टेटमेंट निकलवाकर पूरी जानकारी ली। बैंक से मिली जानकारी के बाद उन्हें समझ आया कि लोन दिलाने के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की गई है।

पीड़ित की शिकायत पर मानगो पुलिस ने तौसिफ आलम और मानगो डिमना बस्ती के शिवनाथ रोड निवासी अरविंद कुमार मिश्रा को नामजद आरोपी बनाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

