
Jamshedpur.साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत मानसरोवर होटल के पास सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब भारी मात्रा में व्हाइटनर के भंडारण की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। साकची थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में एक गोदाम की तलाशी ली। इस दौरान गोदाम से बड़ी मात्रा में व्हाइटनर बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद व्हाइटनर साकची के ही एक किताब दुकान संचालक का है। इसके बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में व्हाइटनर किस उद्देश्य से स्टॉक किया गया था।
मामले को लेकर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गई थी कि साकची के एक गोदाम में नशीले पदार्थों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस की छापेमारी
सूचना मिलते ही साकची पुलिस ने टीना शेड की दुकान में छापेमारी की। जांच के दौरान पता चला कि जायसवाल बिल्डिंग में भी व्हाइटनर और डेंड्राइट का बड़ा भंडारण किया गया है। पुलिस टीम ने वहां भी छापा मारा। दुकानदार ने पहले केवल तीन-चार पीस व्हाइटनर होने की बात कही, लेकिन जब गहन तलाशी ली गई तो दो अलग-अलग स्थानों से 20 पेटी से अधिक व्हाइटनर और डेंड्राइट बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि इन पदार्थों का उपयोग छोटे बच्चे नशे के रूप में कर रहे थे, जो बेहद चिंताजनक है। इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस को सामान ले जाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। जांच के दौरान व्हाइटनर बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया है।
व्हाइटनर का उपयोग लेखन त्रुटियां सुधारने के लिए किया जाता है। हालांकि, नशे के रूप में इसके दुरुपयोग की शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
