
Jamshedpur. जमशेदपुर के परसुडीह स्थित एक इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा के छात्र द्वारा देसी कट्टा और जिंदा कारतूस कॉलेज लाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने जांच शुरू कर संबंधित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।जानकारी के अनुसार, 19 जून को विज्ञान संकाय का एक छात्र अपने बैग में देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लेकर कॉलेज पहुंचा था। कक्षा के दौरान उसने अपने कुछ सहपाठियों को हथियार दिखाया। इसी दौरान एक छात्र ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच की। जांच में पुष्टि हुई कि वीडियो में दिखाई दे रहे छात्र उसी कॉलेज के 12वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थी हैं। कॉलेज के प्राचार्य एस.सी. महतो ने बताया कि पूछताछ में छात्र ने हथियार कॉलेज लाने की बात स्वीकार की है। छात्र के अनुसार, उसे यह देसी कट्टा और कारतूस उसके क्षेत्र के एक परिचित व्यक्ति ने दिया था।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि हाल के दिनों में छात्रों के बीच हुए विवादों के बाद दबदबा बनाने के उद्देश्य से छात्र हथियार लेकर कॉलेज आया था। मामले को गंभीर मानते हुए कॉलेज प्रबंधन ने संबंधित छात्रों को निष्कासित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
