
Jamshedpur. आजादनगर थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर सिटी इन होटल के समीप स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में 30 वर्षीय मूक बधिर युवती के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है. पीड़िता के परिजनों ने मुख्य आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपी के एक सहयोगी को भी हिरासत में लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है. पीड़िता के परिजनों के अनुसार, युवती मूकबधिर है और आरोपी अमित कुमार केस ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में देखरेख का कार्य करता है.
पीड़िता रोजमर्रा के कार्यों के तहत कंपनी परिसर में पानी भरने और गोबर लाने जाया करती थी. परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन भी वह गोबर लाने के लिए कंपनी परिसर गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी. जब युवती घर नहीं पहुंची तो परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े और ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर पहुंचे
परिजनों का आरोप है कि मौके पर उन्होंने देखा कि आरोपी अमित कुमार युवती का मुंह दबाकर उसके साथ जबरदस्ती कर रहा था. यह दृश्य देखते ही परिजनों ने शोर मचाया और आरोपी को पकड़ लिया.
इसी दौरान आरोपी और परिजनों के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें अमित कुमार की आंख के नीचे गंभीर चोट आई. इसके बाद परिजनों ने आरोपी को पकड़कर आजादनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
मामले को लेकर आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ विरोधाभासी तथ्य सामने आए हैं. जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि घटना से पहले पीड़िता का भाई और आरोपी साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे. पीड़िता के भाई का कहना है कि वह शराब पीने के बाद घर चला गया था. वहीं आरोपी का दावा है कि पीड़िता गोबर लेने कंपनी परिसर आई थी और जब उसने उसे वहां आने से मना किया तो पीड़िता के भाई ने उस पर हमला कर दिया.
