

Jamshedpur. मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा नेपाली बस्ती में गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार शाम हिंसक झड़प में बदल गया। बस्ती के ऊपरी और निचले टोला के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, बेलचा और ईंट-पत्थर चलने की बात सामने आई है। घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शुक्रवार को हुआ था विवाद, बाद में हुआ था समझौता
स्थानीय महिला सीमा के अनुसार, शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। बाद में स्थानीय स्तर पर समझौता कर मामला शांत करा दिया गया था। आरोप है कि शनिवार शाम करीब 5:45 बजे सुशील नामक युवक करीब 50 लोगों के साथ बस्ती पहुंचा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समूह के कुछ लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, बेलचा और ईंट-पत्थर लेकर पहुंचे और देखते ही देखते मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कुछ घरों में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
मारपीट में पांच लोग घायल
हिंसक झड़प में आकाश, मुन्ना थापा, छोटू रजक, धीरज और राहुल घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, राहुल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद बस्ती में तनाव और दहशत का माहौल है। स्थानीय महिलाओं ने रात में दोबारा हमला होने की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस पर देर से पहुंचने का आरोप
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर देर से पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और एहतियात के तौर पर बस्ती में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एमजीएम थाना पुलिस घायलों का बयान दर्ज कर पूरे मामले की जांच कर रही है। दूसरे पक्ष की ओर से फिलहाल कोई बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की पूरी वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

