


Jamshedpur. एमजीएम अस्पताल में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां इलाजरत एक कैदी ने अस्पताल की सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है, जिसे बीते रविवार को घाघीडीह केंद्रीय कारा से इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। बताया जा रहा है कि उसने जेल में ही गला काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई थी।
अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को उसने सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी। गिरते ही उसकी मौके पर ही मौ*त हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर करने की तैयारी चल रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने श*व को कब्जे में लेकर पो*स्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहले से आत्महत्या की कोशिश कर चुके कैदी की निगरानी में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण यह घटना हुई। अब इस पूरे मामले में अस्पताल और सुरक्षा व्यवस्था की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



