


Jamshedpur. उलीडीह के युवक की हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात अपराधियों ने विकास सिंह की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया। रविवार की सुबह लोगों की नजर शव पर पड़ी, तो परिजनों को इसकी जानकारी दी. वहीं, शव मिलने की सूचना मिलने पर पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार और उलीडीह पुलिस भी मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने घटनास्थल की छानबीन की। विकास के सिर और पीठ पर चोट के निशान मिले हैं, घटनास्थल पर खून भी फैला था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों व बस्ती के लोगों ने शव लेकर उलीडीह थाना पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी थीं। आक्रोशित लोगों को समझाने थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारी आये। परिजनों ने बताया कि जब तक हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया जायेगा, वे शव के साथ थाना परिसर में ही बैठे रहेंगे। पुलिस ने परिजनों को 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद हंगामा समाप्त हुआ।



