


Jamshedpur. सुंदरनगर जोंद्रागोड़ा में गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से शंभू लोहार की मौत हो गयी. जानकारी के मुताबिक, वह शौच के लिये रेलवे लाइन पार कर रहे थे. इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गये. हादसा सुंदरनगर रेलवे फाटक के पास पोल नंबर 253/87 के पास हुआ. हादसे के बाद मामले की जानकारी सुंदरनगर थाना पुलिस को दी गई. पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा के उपरांत पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है.
मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. उनकी बहू लक्ष्मी लोहार ने बताया कि शंभु लोहार के चार बच्चे हैं. एक वर्ष पूर्व तक वह सुंदरनगर से साकची रूट पर मिनी बस चालक का कार्य करते थे, लेकिन लगातार स्वास्थ्य खराब रहने के कारण पिछले कई महीनों से घर पर ही थे. परिवार का गुजर-बसर मुख्य रूप से उनकी कमाई पर निर्भर था. अचानक हुई इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.



