Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को भेजा जेल, स्कूली वाहन संचालकों ने बिरसानगर थाना परिसर में किया विरोध प्रदर्शन, पुलिस पर ये लगाये आरोप

Jamshedpur. बिरसानगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में आरोपी मन्नू को जेल में भेजे जाने के बाद मामला और अधिक तूल पकड़ता जा रहा है. बुधवार को जमशेदपुर स्कूली वाहन सेवा संचालन समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में स्कूली वाहन संचालक बिरसानगर थाना परिसर पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच किए बिना ही जल्दबाजी में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. समिति के पदाधिकारियों और वाहन संचालकों का कहना है कि मामले में साजिश या गलत फंसाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.

उन्होंने मांग की कि जांच पूरी तरह पारदर्शी हो और उसमें सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल्स और सभी गवाहों के बयान को गंभीरता से शामिल किया जाए. विरोध प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया. हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया.

पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कानून के दायरे में रहते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है और किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा. पुलिस का यह भी कहना है कि अब तक उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही विधिसम्मत कार्रवाई की गई है और मामले की आगे की जांच जारी है.

Exit mobile version