


Jamshedpur. दुर्गा पूजा और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जमशेदपुर में प्रशासन ने शुक्रवार को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित खाऊ गली में अचानक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. इस कार्रवाई से फुटपाथी दुकानदारों में हड़कंप मच गया और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. अभियान के दौरान जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) और टाटा स्टील लैंड विभाग की संयुक्त टीम शामिल थी। इस दौरान जेसीबी की मदद से करीब दो दर्जन फुटपाथी दुकानें और गुमटियां हटाई गईं.अचानक अभियान चलने से दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गयी. हालांकि पुलिस की सख्ती के कारण दुकानदार विरोध नहीं कर सके. दरअसल, इस इलाके में पहले भी कई आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए अतिक्रमण हटाना जरूरी था. प्रशासन की इस कार्रवाई से आम लोगों को तो राहत मिली है, लेकिन फुटपाथ पर दुकान चलाकर अपना जीवन यापन करने वाले छोटे दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है.
त्योहारों के मौसम में अच्छी बिक्री की उम्मीद लगाए बैठे दुकानदारों का कहना है कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के हटाया गया. जिससे उनका सामान और रोजी-रोटी का नुकसान हुआ है. जिला प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा और सुविधा उनकी प्राथमिकता है और पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रह सकती है.



