Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: कीताडीह त्रिमूर्ति चौक के पास मारपीट करने और हवाई फायरिंग का आरोप

Jamshedpur. परसूडीह के कीताडीह त्रिमूर्ति चौक के पास मंगलवार रात फायरिंग की सूचना से अफरातफरी मच गई। ऑटो चालक संजय प्रसाद उर्फ गबरू ने निहाल तिवारी पर रोककर मारपीट करने और पिस्तौल से हवाई फायरिंग का आरोप लगाया है। घटना के बाद संजय किसी तरह वहां से निकलकर सीधे परसूडीह थाना पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। संजय के अनुसार, वह स्टेशन से यात्रियों को लेकर कीताडीह गया था। यात्रियों को छोड़ने के बाद वह ऑटो लेकर लौट रहा था। इसी दौरान त्रिमूर्ति चौक के पास निहाल तिवारी ने उसे रोक लिया।

दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर निहाल ने उसके साथ हाथापाई की। इसके बाद उसने पिस्तौल निकालकर हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने के बाद संजय वहां से भागकर जान बचाई और थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद परसूडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार पहुंचे और जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को मौके से कोई खोखा नहीं मिला।

थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल पर फायरिंग के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। साथ ही किसी प्रत्यक्षदर्शी ने भी फायरिंग होते देखने की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता का पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version