
Jamshedpur. जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित लाल बिल्डिंग में ‘गोल्डेन ज्वेलरी’ नामक बंद दुकान में हुई चोरी की बड़ी घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, वजन मापने की मशीन और घटना में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए हैं।
सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 20 अगस्त को अज्ञात चोरों ने गोल्डेन ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर लगभग 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के गहने और वेट मशीन की चोरी कर ली थी। इस घटना के बाद बागबेड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी (पूर्वी सिंहभूम) के निर्देश और सिटी एसपी के मार्गदर्शन में एक विशेष कार्यवाई हुई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 1.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
बरामद सामान में 36 चांदी के लॉकेट, 134 अंगूठियां, 6 मंगलसूत्र, 11 पान पत्ता, 9 पायल, 15 मोती की मालाएं, 3 चांदी की चेन, 13 राखियां, 2 चांदी के सिक्के, 1 बाजूबंद, 4 जोड़ी कान के टॉप्स, 4 चांदी के गदा, कान्हा की चांदी की बांसुरी, लक्ष्मी-गणेश की 6 मूर्तियां, 4 शंखा-पोला, 2 जोड़ी कड़े और घुंघरू सहित अन्य चांदी के सामान शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, चोरी में इस्तेमाल किए गए बोल्ट कटर, लोहे का सब्बल और दोनों वेट मशीन भी बरामद की गई हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच कर रही है।
