Jamshedpur. गोलमुरी स्थित केनरा बैंक शाखा में दिनदहाड़े हुई बड़ी डकैती की घटना के बाद पूरे राज्य का पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। घटना को लेकर जमशेदपुर से लेकर राजधानी रांची तक पुलिस विभाग में हलचल तेज है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को एडीजी मनोज कौशिक अचानक जमशेदपुर पहुंचे और गोलमुरी स्थित केनरा बैंक शाखा का निरीक्षण किया। एडीजी मनोज कौशिक जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बैंक परिसर का मुआयना करने के साथ ही डकैती की घटना की जांच में अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली।
मौके पर मौजूद जांच अधिकारियों से उन्होंने अपराधियों की पहचान, घटना के विभिन्न पहलुओं और अब तक सामने आए सुरागों के संबंध में जानकारी हासिल की। एडीजी ने जांच में जुटे पुलिस अधिकारियों को मामले के जल्द उद्भेदन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैंक का निरीक्षण करने के बाद मनोज कौशिक जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में डकैती की घटना की जांच और अपराधियों तक पहुंचने के लिए अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। गौरतलब है कि गोलमुरी केनरा बैंक में गुरुवार को हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर लाखों रुपये की नकदी और आभूषण लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्तरों पर जांच शुरू कर दी है।
