


Jamshedpur. जमशेदपुर महानगर भाजपा में फिर विवाद भाजपा परसुडीह मंडल के अध्यक्ष त्रिदिब चट्टराज के साथ उनके महामंत्री एवं तमाम पदाधिकारियों ने भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की कार्यशैली व तानाशाही पूर्ण रवैया के खिलाफ अपने पद से इस्तीफा दे दिया. भाजपा परसुडीह मंडल में सुधांशु ओझा के मनमानी ढंग से सदस्यता प्रभारी थोपे जाने को लेकर मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने अपना कई बार विरोध जताया परंतु उनके द्वारा कोई संज्ञान ना लेकर सिर्फ अपनी मनमानी चलाई गई.
विगत विधानसभा चुनाव के समय से ही जिला अध्यक्ष मंडल के कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे थे. उनके इस मनमाने रवैया के खिलाफ शनिवार को जिला कार्यालय जाकर मंडल अध्यक्ष ने जिला अध्यक्ष से फोन पर बात की परंतु उनके द्वारा कोई सकारात्मक पहल नही की गई. जिला अध्यक्ष की अनुपस्थिति में जिला के उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं राजीव सिंह को मंडल अध्यक्ष ने इस्तीफा सौंपा. मंडल के तमाम पदाधिकारी, मोर्चा के सारे अध्यक्ष, मंडल के अंतर्गत आने वाले 11 शक्ति केंद्र के प्रभारी संयोजक सहसंयोजक समेत 54 में से अधिकांश बूथ अध्यक्षों ने अपना इस्तीफा सौंपा.
इधर, भाजपा के जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि प्रदेश के साथ रायशुमारी करने के बाद ही कोई फैसला लिया गया है. जिला अध्यक्ष का यह क्षेत्राधिकार है कि किसको क्या बनाया जाता है. मंडल से राय ली जाती है. अक्षरश: राय मान ली जाये, यह जरूरी नहीं होता है. सभी समीकरणों को देखने और प्रदेश के गाइडलाइन के मुताबिक ही हम लोग फैसला लेते है. इस मामले में भी वहीं हुआ है. पदाधिकारी को इस्तीफा सौंपा है. अभी हम देखेंगे, तब कोई फैसला लेंगे.



