


Jamshedpur. जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी में हिमांशु सिंह की हत्या और दूसरे युवक पर हुए जानलेवा हमले को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने आज राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की. उन्होंने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की. आदित्य साहू ने कहा कि 27 जून को जमशेदपुर में हुई इस घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि हमलावरों ने पुलिस की मौजूदगी में दो युवकों पर हमला किया. जान बचाने के लिए दोनों युवक पुलिस वाहन में पहुंचे. लेकिन अपराधियों ने वहां भी हमला कर दिया.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यपाल से मामले की जांच सीआईडी के बजाय सीबीआई को सौंपने की मांग की, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो सके. साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और सभी आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की मांग की.
आदित्य साहू ने यह भी कहा कि यदि बार संचालक की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही यह जांच हो कि संबंधित बार को लाइसेंस किस आधार पर जारी किया गया था और उसके सभी दस्तावेज नियमों के अनुरूप थे या नहीं. भाजप ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है.



