
Jamshedpur. एनआईटी जमशेदपुर के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र मीर तनवीर हसन का शव गुरुवार सुबह सोनारी दोमुहानी से बरामद किया गया। वह पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, रविवार को मीर तनवीर हसन अपने साथियों के साथ आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी स्थित खरकाई नदी के चेकडैम में नहाने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी रही।
लगातार चले सर्च अभियान के पांचवें दिन गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने सोनारी दोमुहानी से उनका शव बरामद किया। सूचना मिलते ही परिजन और एनआईटी के छात्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस घटना से एनआईटी जमशेदपुर परिसर में शोक की लहर है। छात्रों ने नदी और चेकडैम जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।
