Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: बर्मामाइंस में दिनदहाड़े चाकूबाजी, सुनसुनिया गेट के पास वाहन हटाने के विवाद में किया हमला, युवक की स्थिति गंभीर

Jamshedpur. जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना हुई। सुनसुनिया गेट के पास वाहन हटाने को लेकर हुए विवाद में शुभम कुमार नामक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।

शुभम की पत्नी रानी साहू ने बताया कि सुनसुनिया गेट के पास सड़क पर एक बड़ा वाहन खड़ा था। शुभम ने वाहन चालक या उस व्यक्ति से सड़क से वाहन हटाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस होने लगी। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि दूसरे व्यक्ति ने चाकू निकालकर शुभम पर हमला कर दिया। चाकू लगने से शुभम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया। घायल शुभम ने अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत टीएमएच ले गए। परिजनों के मुताबिक, शुभम की हालत गंभीर है। बर्मामाइंस थाना पुलिस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है और हमले में शामिल व्यक्ति की पहचान कर उसकी तलाश कर रही है। पुलिस विवाद के कारणों और चाकूबाजी की पूरी घटना की जांच कर रही है।

Exit mobile version