Jamshedpur. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के क्रॉस रोड नंबर 20 स्थित क्वार्टर नंबर एल-4 में मंगलवार को टाटा स्टील कर्मचारी सुब्रतो दास के घर चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने घर से करीब 30 हजार रुपये नकद और लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, सुब्रतो दास मंगलवार को लंच ब्रेक में ड्यूटी से अपने घर लौटे थे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पीछे के गेट का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर अलमारी में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद और लगभग 40 लाख रुपये के खानदानी जेवरात गायब मिले।
घटना की सूचना तत्काल सिदगोड़ा पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से मामले की जल्द जांच कर चोरी में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
