
Jamshedpur. कर्नाटक के बीदर में हुई 93 लाख रुपये की एटीएम कैश वैन लूट और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के दो मुख्य आरोपियों को बिहार के वैशाली जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए कर्नाटक पुलिस की टीम ने करीब 20 दिनों तक गुप्त अभियान चलाया और अपनी पहचान छिपाने के लिए धार्मिक तीर्थयात्रियों का भेष तक धारण किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलोक कुमार उर्फ अंबानी और अमन सिंह के रूप में हुई है। दोनों बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले बताए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद कर्नाटक पुलिस की टीम मंगलवार सुबह दोनों आरोपियों को लेकर जमशेदपुर पहुंची और सोनारी थाना क्षेत्र के परदेशीपाड़ा स्थित उनके ठिकानों पर छापेमारी की।
पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान एक बाइक की टंकी से दो जिंदा कारतूस और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए। आरोपियों के पास से दो पिस्तौल भी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
परिवार के साथ रह रहे थे आरोपी
जांच में पता चला कि दोनों आरोपी सोनारी के परदेशीपाड़ा इलाके में अलग-अलग किराये के मकानों में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। पुलिस को आशंका है कि दोनों लंबे समय से यहां रहकर अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे और पहचान छिपाने की कोशिश कर रहे थे।
2025 को हुई थी 93 लाख की लूट और हत्या
यह वारदात 16 जनवरी 2025 को कर्नाटक के बीदर जिले में हुई थी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के एटीएम में कैश डालने पहुंची टीम पर बाइक सवार दो बदमाशों ने हमला कर दिया था। बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर कैश कस्टोडियन वेंकटेश की हत्या कर दी, जबकि एक सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद अपराधी 93 लाख रुपये से भरा कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
