



जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की पहल पर चाकुलिया प्रखंड परिसर में आयोजित विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में 203 अभ्यर्थियों को सफलतापूर्वक लर्नर लाइसेंस प्रदान किया गया। राज्य सरकार के निर्देश और उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित किए जा रहे इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके नजदीक ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना है।
240 आवेदकों ने किया आवेदन, 203 हुए सफल
जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कुल 240 आवेदकों ने लर्नर लाइसेंस के लिए आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया, दस्तावेजों की जांच और आवश्यक परीक्षण पूरा करने के बाद 203 अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस जारी किया गया।
जिन आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों या अन्य निर्धारित मानकों की कमी पाई गई, उन मामलों में नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
विधायक समेत अधिकारियों ने बांटे लर्नर लाइसेंस
शिविर में विधायक समीर मोहंती, जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा तथा मोटरयान निरीक्षक सूरज हेम्ब्रम ने सफल अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस प्रदान किए। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान
ड्राइविंग लाइसेंस वितरण के साथ-साथ सभी आवेदकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई। इस दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित पम्पलेट और बुकलेट वितरित किए गए तथा हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
2 जुलाई से 8 सितंबर तक चलेंगे विशेष शिविर
जिला प्रशासन ने बताया कि 2 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के पात्र नागरिकों को परिवहन विभाग की सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता न पड़े और अधिक से अधिक लोग वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर सकें।
प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने प्रखंड में आयोजित शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।


