दोनों छठ घाटों पर हजारों व्रतियों और श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, छठी मइया के गीतों से भक्तिमय हुआ सूर्यधाम; मेडिकल टीम, एंबुलेंस और सीसीटीवी से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
जमशेदपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर सिदगोड़ा स्थित सूर्यधाम में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सूर्यधाम के दोनों छठ घाट तालाबों पर हजारों की संख्या में छठव्रती और श्रद्धालु पहुंचे। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली की कामना की। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा सूर्यधाम परिसर भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने सपरिवार सूर्यधाम पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। उनके साथ धर्मपत्नी रुक्मिणी देवी, पुत्र ललित दास और पुत्रवधू सह जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू मौजूद रहीं। रघुवर दास ने विधि-विधान से सूर्यदेव की पूजा-अर्चना और हवन किया। उन्होंने छठी मइया एवं भगवान भास्कर से जमशेदपुर सहित समस्त झारखंडवासियों के सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की प्रार्थना की।
छठ अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व: रघुवर दास
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंडवासियों एवं श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोक आस्था और सूर्य उपासना का यह महापर्व जीवन में अनुशासन, पवित्रता, संयम और समर्पण का संदेश देता है। छठ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व नारी शक्ति के अद्भुत तप, त्याग, निष्ठा और अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। छठव्रतियों की कठिन साधना और समर्पण पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
आकर्षक विद्युत सज्जा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
महापर्व को लेकर सूर्य मंदिर समिति की ओर से दोनों छठ घाटों की विशेष साफ-सफाई कराई गई थी। रंग-बिरंगी रोशनी, सुगंधित पुष्पों और आकर्षक सजावट से सूर्य मंदिर एवं पूरा परिसर भव्य दिखाई दे रहा था।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात की गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई तथा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से व्यवस्था संभाली गई। सूर्य मंदिर समिति के दर्जनों सदस्य भी श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुचारु आयोजन में सक्रिय रहे।
रघुवर दास ने महापर्व के सफल आयोजन और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सूर्य मंदिर समिति के सदस्यों एवं सेवा कार्य में जुटे सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
