
Jamshedpur. जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नगर रोड नंबर-15 के पास उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक ऑटो चालक ने ट्रैफिक पुलिस पर ₹5000 की अवैध वसूली मांगने का आरोप लगाते हुए सड़क पर धरना दे दिया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो चालक को ड्रेस कोड का पालन नहीं करने और वाहन का परमिट समाप्त होने के कारण जांच के दौरान रोका था। चालक का आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों से ऑनलाइन चालान काटने का अनुरोध किया, लेकिन इसके बावजूद उससे ₹5000 की मांग की गई।
इसी बात से नाराज होकर वह सड़क पर बैठ गया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गए। सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और ट्रैफिक व्यवस्था कुछ देर के लिए प्रभावित रही। ऑटो चालक और ट्रैफिक पुलिस के बीच काफी देर तक बहस होती रही। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
