

Jamshedpur. कदमा थाना क्षेत्र की दो आभूषण दुकानों में ग्राहक बनकर पहुंची एक महिला द्वारा चोरी किए जाने का मामला सामने आया है. महिला ने आभूषण खरीदने के बहाने दुकानों में प्रवेश किया और सामान देखने के दौरान मौका पाकर पायल और नथिया लेकर फरार हो गई. घटना के बाद क्षेत्र के ज्वेलरी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, महिला सबसे पहले कदमा स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स पहुंची. उसने ग्राहक बनकर दुकानदार से विभिन्न आभूषण दिखाने को कहा. इसी दौरान उसने एक जोड़ी पायल पसंद करने का नाटक किया. इसके बाद महिला माणिक चंद ज्वेलर्स भी पहुंची और वहां भी आभूषण देखने लगी.
दुकानदारों का आरोप है कि आभूषण देखने के दौरान महिला ने चालाकी से पायल और नथिया अपने कब्जे में कर ली और मौका मिलते ही दुकान से निकल गई. घटना का पता चलने के बाद दुकानदारों ने अपने स्तर से महिला की तलाश शुरू की और आसपास के अन्य ज्वेलरी कारोबारियों को भी सतर्क कर दिया.
ज्वेलरी व्यवसायी शंकर प्रसाद वर्मा ने बताया कि महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. फुटेज के आधार पर महिला की पहचान होने और चोरी की घटना का खुलासा होने की उम्मीद है. घटना के बाद ज्वेलरी दुकानदारों ने ग्राहकों के रूप में आने वाले संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखने और आभूषण दिखाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है. फिलहाल पुलिस के स्तर पर मामले की जांच और महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.

