Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Crime: नये SSP के पदभार संभालते ही जमशेदपुर में फिर चापड़बाजी, अपराधियों ने युवक पर किया जानलेवा हमला

Jamshedpur. जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाओं के बीच एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक ओर जहां जिले के नए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने गुरुवार को पदभार संभाला, वहीं दूसरी ओर अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर चापड़ से हमला कर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है।
जानकारी के अनुसार, बिरसानगर जोन नंबर-1बी निवासी अशीम बनर्जी बुधवार देर रात मानगो से अपने घर बिरसानगर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे, टेल्को थाना क्षेत्र के तार कंपनी रोड पर तीन बाइक सवार अपराधियों ने उनकी चलती बाइक को निशाना बनाया और चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले के दौरान अशीम बनर्जी ने अपनी बाइक रोककर बचने का प्रयास किया और दोनों हाथों से वार रोकने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने लगातार चापड़ से हमला किया। इसके बाद बदमाश उनका पर्स छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल अशीम बनर्जी को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टीएमएच रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

डॉक्टरों के अनुसार, चापड़ के वार से उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं और हाथों की प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ेगी। लगातार हो रही चापड़बाजी की घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नए SSP के पदभार संभालने के तुरंत बाद हुई इस वारदात से साफ है कि अपराधियों के हौसले अब भी बुलंद हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version