


Jamshedpur. जमशेदपुर पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मानगो क्षेत्र से चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पिछले करीब दो साल से बैंक अधिकारी बनकर झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के सैकड़ों लोगों को करोड़ों रुपये की चपत लगा चुके हैं। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण और फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं।
अब तक की जांच में 30 लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी के पुख्ता सबूत मिल चुके हैं। जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीणा ने सोमवार को बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में आयोजित एक प्रेस वार्ता में इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि ओडिशा के निवासी भगवती मोहंती ने साइबर ठगी की एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उनसे करीब 99 हजार रुपये उड़ा लिए गए थे। इस शिकायत के बाद साइबर थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
तकनीकी सर्विलांस की मदद से अपराधियों की लोकेशन मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर 4 स्थित एक किराये के मकान में मिली, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर चारों को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संजय कुमार सिंह, राहुल कुमार रवानी, सुनील कुमार झा और राहुल कुमार ठाकुर के रूप में की गई है।
ये आरोपी साइबर अपराध के गढ़ माने जाने वाले जामताड़ा, देवघर तथा पड़ोसी जिले सरायकेला-खरसावां के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे पिछले छह महीनों से मानगो में किराये का मकान लेकर रह रहे थे और यहीं से पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे थे।



