
जमशेदपुर।
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के समीप 27 जून की रात हुए जानलेवा हमले के मामले में पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने मामले के मुख्य आरोपी राहुल दुबे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद किया है। इस कार्रवाई को मामले की जांच में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची SIT
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 27 जून की रात करीब 11:30 बजे डीडी बार के पास धारदार हथियार से हमला किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मानवीय सूचना (Human Intelligence) तथा अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, राहुल दुबे को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त चापड़ बरामद किया गया, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
अब तक 14 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि इस मामले में राहुल दुबे की गिरफ्तारी से पहले 13 नामजद एवं अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। राहुल दुबे की गिरफ्तारी के साथ अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसआईटी अभी भी फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राहुल दुबे कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4 का निवासी है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास तथा अन्य गंभीर मामलों में पहले भी गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
