
Jamshedpur. बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कीताडीह स्थित सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल के चौथी कक्षा के छात्र नवनीत कुमार (13) द्वारा अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की घटना को जिला शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि घटना से कुछ घंटे पहले नवनीत का स्कूल में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के बाद स्कूल प्रिंसिपल ने उसे कार्यालय में बुलाकर फटकार लगाई थी. नवनीत के परिवार ने दावा किया है कि उसके हाथ पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि स्कूल में किसी से झड़प हुई थी.
परिजनों के अनुसार, उसके दोस्तों ने भी विवाद की पुष्टि की है. पिता तुलसी कुमार ने बागबेड़ा पुलिस से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन को विवाद की जानकारी थी, फिर भी आवश्यक कदम नहीं उठाए गए. घटना के दिन नवनीत दोपहर एक बजे स्कूल से लौटकर घर आया था. उस समय पिता घर में काम कर रहे थे और छोटी बहन बाहर खेल रही थी. नवनीत अपने कमरे में चला गया और कुछ ही समय बाद फांसी लगा ली थी.
जिला शिक्षा पदाधिकारी आशीष कुमार पांडे ने कहा कि यह अत्यंत दुःखद घटना है और बच्चों की मानसिक स्थिति को समझने की आवश्यकता है. विभाग अपने स्तर से मामले की जांच करेगा और यह समझने की कोशिश की जाएगी कि छात्र किस परिस्थिति से गुजर रहा था. उन्होंने बताया कि सोमवार को परिजनों, स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और सहपाठियों से बातचीत कर घटना से जुड़े तथ्यों को समझा जाएगा. जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ जांच जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
