Mumbai. जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत के बाद रिलायंस समूह बाजार पूंजीकरण के लिहाज से टाटा समूह को पीछे छोड़कर देश का सबसे बड़ा कारोबारी समूह बन गया। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, कारोबार समाप्त होने पर समूह की कंपनियों रिलायंस इंडस्ट्रीज, जियो प्लेटफॉर्म्स और जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का संयुक्त बाजार पूंजीकरण करीब 30 लाख करोड़ रुपये रहा।

रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 15.67 लाख करोड़ रुपये, जियो प्लेटफॉर्म्स का करीब 13 लाख करोड़ रुपये और जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का 1.35 लाख करोड़ रुपये रहा। इसके मुकाबले टाटा समूह की प्रमुख सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 25.28 लाख करोड़ रुपये था। टाटा समूह की कंपनियों में टीसीएस, टाटा स्टील, टाइटन, टाटा पावर, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और ट्रेंट शामिल हैं।

रिलायंस समूह की डिजिटल सेवाओं से जुड़ी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर बुधवार को 1,119 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 21.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,358 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
बीएसई पर यह शेयर 26.66 प्रतिशत चढ़कर 1,417.35 रुपये पर बंद हुआ जबकि एनएसई पर शेयर 26.67 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,417.50 रुपये पर बंद हुआ।
जियो प्लेटफॉर्म्स बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद देश की दूसरी सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी भी बन गई।
जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के आईपीओ को 22.19 गुना अभिदान मिला था। सार्वजनिक निर्गम और एंकर निवेशकों के आवंटन को मिलाकर कुल मांग 7.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक रही थी। निर्गम के लिए करीब 1.39 करोड़ आवेदन मिले थे। यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ साबित हुआ।

