Jamshedpur. जमशेदपुर में चोरी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को डीएसपी सुमित कुमार के नेतृत्व में परसुडीह थाना क्षेत्र के तीन बैंकों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने बैंक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम सबसे पहले केनरा बैंक पहुंची। इसके बाद भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और इंडियन बैंक की शाखाओं में जाकर सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल की गई। टीम में परसुडीह थाना प्रभारी राजेश मुंडा समेत रितेश कुमार भी शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों ने बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, रिकॉर्डिंग की अवधि और फुटेज की स्पष्टता की जांच की। इसके साथ ही सुरक्षा अलार्म बजाकर उसकी स्थिति परखी गई। बैंक भवन की सुरक्षा, लॉकर रूम की व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों की सतर्कता का भी आकलन किया गया।

डीएसपी सुमित कुमार ने बैंक प्रबंधकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में खामियां मिलने पर संबंधित बैंक प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने सुरक्षा गार्डों को भी सतर्क रहने और बैंक परिसर में किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का निर्देश दिया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य बैंक परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और संभावित आपराधिक घटनाओं को रोकना है।

