Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: दीपावली, कालीपूजा और छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, घाटों पर ड्रोन-CCTV से होगी निगरानी; खतरनाक जगहों पर लगेंगे लाल झंडे

जमशेदपुर, 1 नवंबर: दीपावली, कालीपूजा और छठ महापर्व-2026 को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें पटाखा दुकानों की सुरक्षा, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, काली प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा, जेएनएसी नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जितेंद्र यादव, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर मुकेश मछुआ, डीटीओ महेश्वरी प्रसाद यादव सहित स्वास्थ्य, यातायात, अग्निशमन, आरसीडी, जुस्को और अन्य विभागों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बिना लाइसेंस पटाखा बिक्री पर रोक, दुकानों के पास तैनात होंगे दमकल वाहन

उपायुक्त ने दीपावली के दौरान पटाखा दुकानों के संचालन के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाइसेंस जारी करने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। दुकानों के लिए निर्धारित स्थल, अग्निशमन इंतजाम, दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी और विद्युत सुरक्षा की जांच की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों की बिक्री नहीं होनी चाहिए। आम बगान सहित पटाखा बिक्री वाले बड़े स्थलों पर अग्निशमन वाहन तैनात रखने का भी निर्देश दिया गया है।

मिठाई दुकानों में चलेगा जांच अभियान

दीपावली के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों को बाजारों एवं मिठाई दुकानों में विशेष जांच अभियान चलाने को कहा गया है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और मिलावट की जांच की जाएगी। मिलावटी या दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने का निर्देश दिया गया है।

काली प्रतिमा विसर्जन के लिए तय होंगे सुरक्षित इंतजाम

कालीपूजा के दौरान प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। नदी एवं जलाशयों में विसर्जन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कराने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने विसर्जन मार्ग में बदलाव नहीं होने देने और प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो।

छठ घाटों पर लाल झंडे और चेतावनी संकेतक लगेंगे

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर निकायों, प्रखंड प्रशासन और संबंधित विभागों को सभी प्रमुख एवं स्थानीय घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। घाटों की सफाई, पहुंच पथ की मरम्मत, समतलीकरण, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय और चेंजिंग रूम की सुविधा सुनिश्चित करनी होगी।

नदी और तालाबों में जलस्तर तथा गहराई का आकलन कर सुरक्षित एवं खतरनाक स्थानों की पहचान की जाएगी। अधिक गहराई वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ लाल झंडे और चेतावनी संकेतक लगाए जाएंगे, ताकि व्रती एवं श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही अर्घ्य दे सकें।

गोताखोर, नाव और लाइफ जैकेट रहेंगे उपलब्ध

घाटों पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में गोताखोर, नाव, लाइफ जैकेट और अन्य बचाव उपकरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति होगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के माध्यम से निगरानी तथा नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था करने को कहा गया है।

उपायुक्त ने सभी विभागों को पर्व से पहले तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करने और कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version